किला रोड से महिला पुलिस थाने तक बनने वाली सड़क पर अतिक्रमण सहन नहीं किया जाएगा। चाहे व किसी भी प्रकार का अतिक्रमण हो। यह बात नगर परिषद नारनौल के प्रशासक एवं एसडीएम मनोज कुमार ने शनिवार को अग्रवाल सभा भवन के बाहर बनी प्याऊ को सड़क निर्माण के दौरान न तोड़ने की व्यापारियों की मांग पर कही।
उन्होंने कहा कि यह सड़क शहर का मुख्य मार्ग है। क्योंकि इस पर नागरिक अस्पताल, टीबी अस्पताल के अलावा छात्राओं के शिक्षण संस्थान मौजूद हैं। यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है। इसी को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्ग का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग के किनारे बारिश के पानी की निकासी के लिए चार फुट चौड़ी पाइपलाइन डाली जा रही है। वहीं दूसरी तरफ नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। जबकि सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर भी बनाया जाएगा।
बता दें कि गत वर्ष महिला थाने से किला रोड तक की सड़क पर सीवरलाइन डाली गई थी। सीवरलाइन डालने का कार्य पूरा होने के कई माह बाद तक उक्त मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो शहरवासियों ने कई बार स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई थी, लेकिन कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसके बाद शहर की समस्या पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा मानव अधिकार के अध्यक्ष एसके मित्तल स्वयं नारनौल पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क का निर्माण जल्द से जल्द करने के आदेश दिए थे। किला रोड से नागरिक अस्पताल तक की सड़क बनाने पर करीब 3 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। दिसंबर से उक्त सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।
सड़क के बीच में लगे बिजली पोल व अन्य निर्माण को हटाया
शहर की मुख्य सड़क और अधिक व्यस्त होेने के कारण मार्ग के निर्माण में बाधा बन रहे बिजली के खंभों और दोनों तरफ बनाए गए सार्वजनिक प्याऊ को भी हटाया जा रहा है। सड़क के बीच में डिवाइडर भी बनाया जाना है। इसको ध्यान में रखते हुए मार्ग को पर्याप्त रूप चौड़ा किया जा रहा है। इस मार्ग के निर्माण कार्य को नगर परिषद प्रशासक एवं एसडीएम मनोज कुमार स्वयं देख रहे हैं, इसलिए वे कई बाद निर्माण कार्य का निरीक्षण कर चुके हैं।
प्याऊ तोड़ने का अग्रवाल समाज ने किया था विरोध
अग्रवाल सभा भवन के बाहर बना प्याऊ सड़क में आ रहा था जिस पर नगर परिषद अधिकारियों ने अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों को नोटिस देकर उसे हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन समाज के लोगों ने उसे बिना तोड़े सड़क बनाने की गुहार लगाई थी। वहीं अपना विरोध भी दर्ज करवाया था। एसडीएम मनोज कुमार शनिवार को समाज के लोगों से मिलने सभा भवन पहुंचे। यहां लोगों ने एसडीएम के समक्ष प्याऊ से संबंधित अपनी बात रखी, इस पर उन्होंने दूसरा स्थान उपलब्ध करवाने की बात कही। अंत में वर्तमान प्याऊ के स्थान पर ही नाले के ऊपर वाटर कूलर लगाने की बात पर सहमति बनी।
बारिश के दौरान मार्ग पर पानी भरने से होती है समस्या
नगर परिषद के एक्सईएन अंकित वशिष्ठ ने लोगों से बातचीत करते हुए बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण भविष्य में आनी वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। बरसात के मौसम में उक्त मार्ग पर पानी न भरे इसके लिए एक तरफ चार फुट चौड़ी पाइपलाइन डाली जा रही है। इसके अलावा दूसरी तरफ गंदे पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। यहीं नहीं मार्ग के बीच में खड़े बिजली पोल को अंदर की तरफ लगाया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कोई समस्या न आए।
अनाज मंडी में भरने वाले पानी से भी मिलेगी निजात
इस दौरान कुछ व्यापारियों ने बारिश के दौरान अनाज मंडी में भरने होने वाले पानी की समस्या एसडीएम मनोज कुमार के सामने रखी। जिस पर एसडीएम ने व्यापारियों को बताया कि निर्माणाधीन सड़क के साथ डाली जा रही बरसाती पानी की पाइपलाइन से अनाज मंडी की पाइपलाइन को जोड़ा जाएगा। जिसके बाद मंडी में बरसात के दौरान जमा होने पानी से निजात मिलेगी।
किला रोड से नागरिक अस्पताल तक की सड़क पर करीब तीन करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। पहले नागरिक अस्पताल से किला रोड तक की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। वहीं नागरिक अस्पताल से महिला थाने तक की सड़क के निर्माण के लिए बजट के लिए एस्टीमेट बनाकर सरकार के पास भेजा गया है। बजट मिलने के बाद आगे की सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू करवाया जाएगा। अंकित वशिष्ठ, एक्सईएन नगर परिषद नारनौल।