राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल माधोगढ़ में छात्रा से सवाल पूछते उपायुक्त।
- फोटो : Narnol
डीसी श्यामलाल पूनिया सतनाली क्षेत्र के कार्यक्रमों के दौरान अचानक राजकीय कालेज तथा माधोगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से मुलाकात करने पहुंच गए। आधे घंटे तक बच्चों के बीच बैठकर डीसी ने उनसे सवाल पूछे। डीसी ने इस दौरान दोनों ही स्थानों पर ठीक जवाब देने वाली एक एक छात्रा को अपनी ओर से 500-500 रुपये की पुरस्कार राशि भी उत्साहवर्धन के लिए दी।
सतनाली में खंड कार्यालय में अधिकारियों की बैठक के बाद डीसी सीधे राजकीय कॉलेज सतनाली में पहुंचे। वहां जाते ही वे बच्चों के बीच डेस्क पर बैठ गए। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का नक्शा तथा उसमें सभी प्रदेशों के नाम लिखने को कहा। साथ ही उसने प्रथम विश्वयुद्ध तथा शीत युद्ध के तात्पर्य के बारे में छात्राओं से सवाल पूछा। इस पर एक छात्रा ने सही जवाब दिया तथा देश का पूरा नक्शा बनाकर उसमें प्रदेशों के नाम लिख दिए। इस पर डीसी ने उन्हें शाबाशी देते हुए अपनी ओर से 500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि छात्राओं की छुट्टी तथा सुबह आते समय पूरे रास्ते पर हर रोज पुलिस की गश्त जारी रहे।
विद्यार्थियों के बीच पहुंचे डीसी ने बढ़ाया उत्साह
माधोगढ़ के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में डीसी 11वीं कक्षा में छात्राओं से अंग्रेजी में अपने परिचय देने को कहा। यहां पर अंग्रेजी व्याकरण के संबंध में पूछे गए सवाल का अच्छे ढंग से जवाब देने पर उन्होंने यहां भी एक छात्रा को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, और क्यों बनना चाहते हैं। इस बारे में एक विस्तृत नोट एक सप्ताह के अंदर-अंदर उनके पास पहुंचाएं। वहीं एक अन्य क्लास में उन्होंने अपने गांव के बारे में पूरा इतिहास एक पेज पर लिखने को कहा साथ ही एक अध्यापक की ड्यूटी लगाई कि एक सप्ताह के बाद इन छात्राओं के नोट मुझे भिजवाए जाएं। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लें।
इस तरह से मिलती है प्रेरणा
महेंद्रगढ़ क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान डीसी ने विभिन्न स्कूलों में बच्चों के बीच पहुंचकर बीताए समय के बाद विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह से पहले कोई भी अधिकारी उनके बीच नहीं पहुंचे थे। छात्राओं ने बताया कि बड़े ओहदे पर बैठे अधिकारी जब इस तरह से विद्यार्थियों के बीच में आकर उनका उत्साहवर्धन करते हैं तो उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर उनके साथ महेंद्रगढ़ के एसडीएम दिनेश कुमार तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।