नारनौल । मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी चलने की संभावना है। ऐसे में उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने जिले के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने आंधी के दौरान सभी प्रकार की एहतियात बरतने को कहा है। किसी बड़े पेड़ के नीचे न खड़े हों। न ही अपने पशुओं को रखें। क्योंकि ऐसी जगह आसमानी बिजली गिरने की संभावना रहती है। जिनके घर या आसपास टीनशेड लगे हैं वे उनकी मजबूती जांच लें।
उपायुक्त ने कहा कि जरूरत के अनुसार टीनशेड को पहले ही मजबूत कर लें क्योंकि तेज आंधी, बारिश व सम्भावित ओलावृष्टि के दौरान हवा की रफ्तार तेज होने से पेड़ों, बिजली के खंभों, टीन की छतों, दुपहिया व हल्के चौपहिया वाहनों के पलटने आदि का अंदेशा सदैव रहता है। ऐसे मौसम में सावधानी बरतें, जल्दबाजी न करें। मौसम अनुसार सोच विचार करने से आप अपनी, अपने घर व अपने पशुधन की सुरक्षा कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर पड़ोसियों को भी मदद कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में अपने क्षेत्रों के थानाधिकारी, तहसीलदार, बीडीपीओ, अस्पताल आदि के नंबर ध्यान में रखें। ताकि मदद के लिए फ़ोन किया जा सके व आपात कालीन नंबर पर पुलिस, फ़ायर ब्रिगेड, एंबुलेंस व प्रशासन के संज्ञान में स्थिति और समस्या की जानकारी जरूर लाएं। सभी उपमंडलाधिकारी अपने क्षेत्रों में इस मौसम के दौरान सतर्क रहें। टीमों को सक्रिय रखें। प्राचार्य, अध्यापक, अभिभावक और समाजसेवी विद्यार्थियों व लोगों को जागरूक करते रहें। लोग खुद भी एक दूसरे की मदद के लिए तैयार रहें व जरूरत पड़ने पर एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।