हरियाणा के नारनौल के गांव दताल के मुख्य सड़क पर बुधवार की सुबह चालान काट रही आरटीए टीम पर ट्राला मालिक और उसके साथियों ने पथराव कर दिया। साथ ही कर्मचारियों की मदद के लिए आए एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। इस दौरान गाड़ी मालिक ने धमकी दी कि अगर आदमी को छुड़वाना है तो उनकी गाड़ी छोड़ दो। वारदात में एक कर्मचारी को चोट आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 24 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं अपहरण किए गए व्यक्ति को भी छुड़वा लिया है। आरोपी ट्राला मालिक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने अवैध खनन पर काबू करने वाली आरटीए विभाग की टीम पर हमला करने और पार्किंग से उनकी सहायता के लिए आए हुए व्यक्ति का अपहरण करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गोपालपुरा कोटपुतली निवासी विनोद उर्फ टाइगर और मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और ओवरलोड गाड़ियों को बाड़े में खड़ी करवाने के अलावा तकनीक की मदद से हमलावरों की तलाश शुरू कर दी. थाना प्रभारी ने टीम सहित तकनीक की सहायता से आरोपियों का पता लगाया और अपहरण किए गए शख्स को छुड़ा लिया। पुलिस ने आरोपियों का पता लगाते हुए गोपालपुरा क्षेत्र से दो को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण किए गए शख्स के बारे में बतलाया। पुलिस ने तुरंत उसे सकुशल बरामद कर लिया।