हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहर की अनाज मंडी में नशे के अवैध कारोबार के 15 जनवरी को दर्ज एक मामले में मुख्य आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर महिला और उसके परिजनों से हमला कर तीन महिला पुलिस कर्मचारियों को घायल कर दिया तथा एक महिला पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस के दो और पुलिस टीमें बुलाने के बाद मुख्य आरोपी महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस दौरान आरोपियों से 205 ग्राम गांजा भी बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के निर्देशानुसार जिला महेंद्रगढ़ में अवैध नशीले पदार्थों का व्यापार करने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कहा कि शहर थाना प्रभारी एसआई अश्वनी के नेतृत्व में टीम ने 15 जनवरी को एक महिला रिंकी निवासी झारखंड को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार महिला से 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शहर थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया था। पूछताछ में आरोपी महिला ने बतलाया था कि वह गांजा मूल रूप से उड़ीसा निवासी और लंबे समय से अनाज मंडी वार्ड एक में किराये पर रह रही शकुंतला के पास से लेकर आती है।
गत 15 जनवरी को अवैध नशे के कारोबार के मामले एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। जिसने उड़ीसा की शंकुतला नामक महिला का नाम लिया था। रविवार को इस महिला को गिरफ्तार करने पहुंची टीम के साथ हाथपाई करने पर सीआईए व शहर थाना पुलिस की दो टीमें बुलाकर हमला करने वालों को मौके से काबू कर लिया गया। इसमें मुख्य आरोपी सहित चार महिला व तीन पुरुष शामिल हैं। सभी की चिकित्सा जांच करा न्यायालय में पेश किया गया है। इसके बाद सभी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। - शहर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार