हरियाणा के महेंद्रगढ़-नारनौल जिले के गांव बदोपुर में बुधवार की अलसुबह चोरों ने घर से 22 लाख के आभूषण और 35 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित अश्वनी सिंह की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।अश्वनी ने नारनौल पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिवार में बच्चों सहित 9 लोग हैं। मंगलवार की रात को सभी अपने-अपने कमरे में सोए हुए थे। बुधवार सुबह चार बजे सात-आठ लोग घर में घुसे और कमरों के बाहर कुंडी लगा दी।
अश्वनी से बताया कि पिता को हार्ट की समस्या है। उनकी दवाई जयपुर से चल रही है। बुधवार को वह पिता को दिखाने के लिए जयपुर लेकर जाने वाला था, इसलिए मंगलवार को उसने बैंक से 35 हजार रुपये निकाले थे, मगर वह भी चोरी हो गए। अश्वनी खेतीबाड़ी का कार्य करता है।
बता दें कि चोरी की वारदात को ट्रेस करने के लिए आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज में उस समय एक बोलेरो और उसके आगे एक बाइक आती दिखाई दे रही है। फुटेज में उनके नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा अन्य जगह भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के पास शिकायत आई है, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू क दी गई है। -निरीक्षक मुनीश, थाना प्रभारी, नारनौल सदर।