पुलिस टीम ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में नकली आरटीए स्टाफ बनकर फर्जी पर्ची काटकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के एक और गुर्गे को काबू किया है। पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही काबू कर चुकी है। चौथे आरोपी को स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ की टीम द्वारा लोहारू बस स्टैंड से काबू किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश निवासी गोपी थाना बाढड़ा के रूप में हुई है। आरोपी फर्जी आरटीए की गाड़ी का चालक था और फर्जी नंबर प्लेट भी उपलब्ध कराता था। मंगलवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी पुलिस
पुलिस ने जांच में पता लगाया कि गिरोह के युवक बुलेरो गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर घूमते थे और फर्जी आरटीए अधिकारी बनकर ओवरलोड ट्रक, वाहन चालकों की पर्ची काटकर अवैध वसूली करते थे। महेंद्रगढ़ जिले में आरटीए ऑफिस में तैनात अधिकारी की शिकायत पर गत माह फर्जी आरटीए स्टाफ बनकर ओवरलोड ट्रकों, वाहन चालकों की पर्ची काटकर अवैध वसूली करने का मामला दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें ः जींद में विजिलेंस की कार्रवाई: जेल में तैनात फार्मासिस्ट दस हजार रुपये रिश्वत लेता काबू, बंदी को पीजीआई रेफर करने के लिए मांगे थे
स्पेशल स्टाफ महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरोह के गुर्गे मुकेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी मुकेश गाड़ी चलाता था और फर्जी नंबर प्लेट भी लाता था। पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।