अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। फौज में भर्ती कराने के नाम पर 3.90 लाख रुपये ठगने के मामले में राजस्थान पुलिस मंगलवार को आरोपी चाचा को गिरफ्तार करने उसकी भतीजी की शादी समारोह में पहुंच गई। शादी वाले घर में पुलिस को देखकर गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें आठ कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस की गाड़ी लाठी और डंडों के हमले से क्षतिग्रस्त हो गई। नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए पुलिस टीम को बंधक बना लिया। कुछ देर बाद महेंद्रगढ़, नारनौल, कनीना, सतनाली की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजस्थान पुलिस की टीम को छुड़ाया। मामले में पुलिस टीम पर हमला करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। परिजनों को कहना है कि आरोपी से उनकी बोलचाल नहीं है। उसका घर भी काफी दूर है। इसके बाद भी पुलिस उनको परेशान कर रही है। मामले में पुलिस ने हमला करने के आरोप में एक को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान झुंझुनू के बुहाना थाने में कुहाडवास निवासी रामचंद्र ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। इसमें महेंद्रगढ़ के गांव डालनवास निवासी सुमेर आरोपी था। मंगलवार को सुमेर के भाई सुरेंद्र की बेटी की शादी थी। इसी बीच करीब 11 बजे राजस्थान की टीम सुरेंद्र के घर दबिश देने पहुंची। राजस्थान के इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में आई टीम में हेड कांस्टेबल विरेंद्र कुमार, महिला कांस्टेबल सहित दस लोग शामिल थे। कुछ पुलिसकर्मी बिना वर्दी के भी थे। पुलिस को घर पर देखकर महिलाओं ने इसका विरोध किया। इस बीच किसी ने राजस्थान पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मचारियों को घेरकर वहीं रोक लिया। ग्रामीणों ने इस बारे में सतनाली चौकी में फोन भी किया। वहां किसी ने फोन नहीं उठाया। राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी टीम पर ग्रामीणों ने लाठी, डंडों से हमला किया। इसमें आठ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। आसपास के क्षेत्रों से पहुंची पुलिस ने उनको बचाया। राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह ने बताया कि इस हमले में विरेंद्र, अमित, महेंद्र, रामनिवास, रामचंद्र, महिला कांस्टेबल, मुकेश, सोनिया को मामूली चोटें आई हैं। मेडिकल के लिए पहले घायलों को सतनाली सीएचसी भेजा गया। वहां चिकित्सक उपलब्ध न होने पर महेंद्रगढ़ उप नागरिक अस्पताल भेजा गया।
---------------------------------------------
राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह की शिकायत पर 21 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस पर हमला करना, वर्दी फाड़ना, सरकारी काम में बाधा डालना सहित अन्य धाराओं के केस दर्ज किया गया है। हमले के एक आरोपी बलवान को मौके से गिरफ्तार किया गया है। - राजेंद्र कौशल, थाना प्रभारी, सतनाली।
----------------------------------
इन लोगों पर आरोप
राजस्थान पुलिस ने सुरेंद्र सिंह ने बलवान, रेखा, पिंकी, विक्रम, सज्जन, धर्मपाल, गुड्डी, प्रेमबाला, सुरेंद्र, नीटू, कालू सहित करीब 21 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। इन लोगों पर हमला और मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस कर्मचारियों की वर्दी फाड़ने सहित अन्य आरोप लगाए हैं।
-----------------------------------
यह है मामला
राजस्थान पुलिस ने एक नवंबर 2018 को कुहाड़वास निवासी रामंचद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया था। केस के अनुसार डालनवास निवासी सुमेर ने रामंचद्र से उसके बेटे को फौज में भर्ती कराने के नाम पर 18 जून 2018 को 3.90 लाख रुपये ले लिए। इसके बदले उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। राजस्थान पुलिस ने धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया।