महेंद्रगढ़। मसानी चौक स्थित आरसीएल अस्पताल में मंगलवार देर शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम द्वारा गर्भपात को लेकर की गई छापे मारी कार्रवाई के बाद पुलिस ने गर्भवती महिला, चिकित्सक एवं अस्पताल मालिक सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने सीएमओ अशोक कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। बुधवार को गर्भवती महिला का नारनौल मेडिकल और अल्ट्रासाउंड करवाया। अभी इस मामले में पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं, ओटी से बरामद की दवा और ग्लुकोज के सैंपल जांच के लिए मधुबन भेजे गए हैं।
बता दें कि एसडीएम विनेश कुमार को आरसीएल अस्पताल में गर्भपात करवाने की सूचना मिली थी। एसडीएम विनेश कुमार ने सीएमओ को इसके बारे में अवगत कराया। सीएमओ ने तुरंत टीम का गठन कर पुलिस की सहायता से आरसीएल अस्पताल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान ऑपरेशन थियेटर में दिल्ली निवासी चांदनी नामक एक गर्भवती महिला लेटी हुई थी, जिसके गर्भपात की तैयारी चल रही थी। इस दौरान टीम को एमटीपी के कुछ इंस्टूमेंट, गर्भपात के औजार, ओपीडी रजिस्टर, ओपीडी स्लीप मिली। जिनको टीम ने सील करके अपने कब्जे में ले लिया था।
टीम ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
टीम ने अस्पताल के मालिक बिहारीलाल और उसके बेटे संदीप पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। डॉ. अशोक ने शिकायत में बताया कि जब टीम ने छापेमारी की तो इस दौरान संदीप ने अपने पिता को फोन कर अस्पताल में बुलाया। इसके बाद दोनों ने टीम के साथ दुर्व्यवहार किया तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली।
गर्भवती ने दिए ये बयान
चांदनी ने टीम को दिए बयान में बताया कि वह पांच माह की गर्भवती है और उसके पेट में दर्द है। इसके बाद उसने दूसरे की सुनकर अपने बयान पट दिए और अपने पेट में पथरी बताई। चांदनी ने बताया कि उसके दो लड़की एक लड़का है।
इनके खिलाफ हुआ मामला दर्ज
पुलिस ने दिल्ली नवीकरीम निवासी चांदनी, बुचौली निवासी पूनम, बेवल निवासी सुरेंद्र, बुचौली निवासी संदीप, बुचौली निवासी बिहारी, दूलोठ अहीर निवासी सुरेश, तथा चिकित्सक एम करूणा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वर्जन
पुलिस ने चिकित्सक सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आज गर्भवती महिला का चेकअप करवाया गया है। दवाई और ग्लूकोज के सैंपल लिए गए हैं, जिनको जांच के लिए मधुबन लैब में भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
- सुनील कुमार, थाना प्रभारी महेंद्रगढ़।