नारनौल। जिला नागरिक अस्पताल के दंत रोग विंग में मरीजों को जल्द बेहतर चिकित्सीय सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने विंग में दंत रोगियों को डिजिटल एक्स-रे की मशीन उपलब्ध करा दी है।
जिला नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि दंत रोगियों को जल्द ही बेहतर चिकित्सीय सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेडियो वीडियोग्राफी आरवीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में अब दंत रोगियों को डिजिटल एक्स-रे जांच की सुविधा मिल सकेगी। बताया कि मशीन उपलब्ध हो गई है और जल्द ही पूरा सिस्टम सेटअप कर इसका लाभ मरीजों को दिया जाएगा। बता दें कि नागरिक अस्पताल डेंटल विंग है। दांतों की विभिन्न बीमारियों के उपचार कराने के लिए रोजाना करीब 100 से 125 मरीज आते है। अधिकांश मरीजों को इलाज के दौरान बीमारी का पता लगाने के लिए एक्स-रे जांच तक करवानी पड़ती है। अस्पताल में 25 साल एक्स-रे मशीन थी, जो करीब दो साल से मशीन खराब पड़ी हुई थी। उसका रिपेयर होना भी संभव नहीं था। ऐसे में मैनुअल तरीके से कार्य चल रहा था। मरीजों की संख्या को देखते हुए अब विभाग ने मॉडर्न डिजिटल एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध कराई है।
स्क्रीन पर ही देखेंगे एक्स-रे-
पहले एक्स-रे मशीन से फिल्म को डेवलप कर जांच होती थी। डिजिटल मशीन होने से कंप्यूटर सेटअप पर ही एक्स-रे होने के बाद उसकी फिल्म को स्क्रीन पर ही डॉक्टर देखकर ट्रीटमेंट करेंगे। यदि किसी मरीज को फिल्म की जरूरत भी पड़ती है तो उसका प्रिंट आउट भी निकाला जा सकता है। आरवीजी जांच से न केवल मरीजों बल्कि दंत रोग विशेषज्ञ को भी उपचार के दौरान काफी राहत मिलेगी। मरीजों को यह फायदा होगा कि उसका ट्रीटमेंट डिजिटल एक्स-रे के आधार पर बेहतर होगा। इस जांच कराने के लिए निजी अस्पतालों व लैब पर नहीं जाना होगा।
नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं मिले, इसको लेकर हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। डेंटल विंग को डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध हो गई है। इसके अलावा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की भी बेहतर व्यवस्था कराने का प्रयास किया जा रहा है।
आशा शर्मा, एमएस, जिला नागरिक अस्पताल