अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
बस स्टैंड पर वीरवार दोपहर को युवकों के दो गुटों में रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों की ओर से दो राउंड फायरिंग भी हुई। वहीं बस स्टैंड पर हुए इस झगड़े से वहां खड़ी सवारियों में भय बन गया। बाद में बस स्टैंड पर ड्यूटी दे रहे रोडवेज कर्मियों ने दोनों गुटों के युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। मगर वे बस स्टैंड की दीवार फांदकर भाग गए। वहीं वीरवार को किसी पुलिस कर्मी या होमगार्ड की भी ड्यूटी बस स्टैंड पर नहीं थी। इसके कारण युवकों को पकड़ा नहीं जा सका। अड्डा इंचार्ज ने इस बारे में लिखित शिकायत पुलिस को दी है।
वीरवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे बस स्टैंड पर दो छात्र गुटों में झगड़ा हो गया। दोनों ओर से छात्र अपने हाथों में लाठी, हाकी व डंडे लिए हुए थे। पहले दोनों गुटों में लाठियों से लड़ाई होती रही। इस दौरान दोनों गुटों की तरफ से दो राउंड फायरिंग भी हुई। झगड़ा करने वाले युवक आईटीआई की वर्दी पहने हुए थे। फायर करने वाले युवकों में भी एक युवक ने आईटीआई की वर्दी पहनी थी। वहीं दूसरे गुट के युवक ने आईटीआई के बाहर का बताया जा रहा है। बस स्टैंड पर अचानक हुए झगड़े व उसके बाद हुई फायरिंग के बाद बस स्टैंड में दहशत का माहौल हो गया। इसके कारण वहां उपस्थित सवारियां डर गई और बस स्टैंड से बाहर भी निकल आई। जब झगड़े की खबर वहां के अड्डा इंचार्ज व अन्य रोडवेज कर्मियों को लगी तो उन्होंने तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचित किया। वहीं इसको रोकने के लिए युवकों को पकड़ने के लिए भागे, लेकिन युवक बस स्टैंड की दीवार फांदकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने बस स्टैंड इंचार्ज की शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सभी ने ढक रखे थे मुंह
आईटीआई के बच्चों ने पहचान छुपाने के लिए अपने मुंह को ढक रखा था। दोनों गुट यादव धर्मशाला के पीछे बस स्टैंड परिसर के बीच में पहुंच गए जहां पर झगड़ा शुरू हो गया। तैश में आकर एक गुट के युवक ने पहले तो पिस्तौल को हवा में लहराया व फिर फायरिंग कर दी। इसके बाद दूसरे गुट के युवक ने पिस्तौल निकाला व फायरिंग कर दी।
बस स्टैंड पर नहीं था कोई होमगार्ड या पुलिसकर्मी
वीरवार को बस स्टैंड में कोई भी होमगार्ड या पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। इसके कारण उपद्रव करने आए युवकों को कोई रोक भी नहीं पाया। इससे दोनों गुटों ने वहां पर जमकर उत्पात मचाया। घटना की सूचना पाकर महाबीर चौकी पुलिस पहुंची। लेकिन तब तक दोनों गुट के युवक मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल पर गोली के खोल को ढूंढा लेकिन वहां कुछ नहीं मिला।
पहले भी हो चुकी है कई बार लड़ाई
बस स्टैंड पर पहले भी कई बार लड़ाई झगड़ा हो चुका है। वहां पर कई कोचिंग सेंटर भी नजदीक लगते हैं जहां कोचिंग के लिए आने वाले विद्यार्थियों की अकसर लड़ाई होती रहती है।
वर्जन
युवाओं के दो गुटों के बीच पहले लाठियों से झगड़ा हुआ, फिर दोनों ओर से गोलियों भी चली। उनको पकड़ने के लिए रोडवेज कर्मी दौड़े भी मगर वे भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी है।
-रामौतार, अड्डा इंचार्ज, हरियाणा रोडवेज नारनौल
वर्जन
अड्डा इंचार्ज की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर वे मामले की जांच कर रहे हैं। गोली चलने की भी बात सामने आई है, मगर वहां कोई खाली खोल आदि नहीं मिला है।
-सज्जन कुमार, इंचार्ज महावीर चौक पुलिस चौकी, नारनौल।