- खोही मार्ग पर दूषित पानी की बोतल दिखाते स्थानीय लोग। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
संदिग्ध हालात में मानिकपुर-बरगढ़ के बीच रेल पटरी पर छात्र का शव मिला। परिजनों ने उसे चलती ट्रेन से गिराने की भी आशंका जाहिर की है। फिलहाल पुलिस के अनुसार चलती ट्रेन से गिरने या पटरी किनारे ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति ज्यादा स्पष्ट होगी।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के गोबरिया निवासी शिक्षक श्रीप्रकाश मिश्रा का पुत्र सोमप्रकाश बरगढ़ में फूफा के घर में रहकर कंप्यूटर कोर्स कर रहा था। बुधवार की रात वह फूफा के घर से गांव के लिए निकला था। इसके बाद उसका शव बरगढ़ मझियारी के बीच रेल पटरी पर पड़ा मिला।
थानाध्यक्ष शशी प्रकाश ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने शव की शिनाख्त का बहुत प्रयास किया लेकिन कुछ सही जानकारी नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने मोबाइल से जानकारी ली और वाट्सएप से फोटो मांगकर उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा है। आशंका है कि ट्रेन से गिरने या पटरी किनारे ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। उधर, सोमप्रकाश के पिता ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र की जेब में लगभग आठ हजार रुपये थे। जो गायब हैं। आशंका है कि उसे चलती ट्रेेन से या फेंका गया है अथवा चलती ट्रेन के सामने धक्का दिया गया है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। सोम तीन भाई दो बहन में दूसरे नंबर का था। मंगलवार को वह गोबरिया से बरगढ़ गया था।