अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। कोसली रोड पर स्थित गांव कोटिया पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में एक दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
गांव सिहोर निवासी धर्मबीर पुत्र शेर सिंह (28), सुरेंद्र सिंह पुत्र हवा सिंह (25) और राहुल पुत्र बाबूलाल शनिवार की रात को बाइक पर सवार होकर गांव कारोली स्थित मुर्गी फॉर्म हाउस पर जा रहे थे। वे कोटिया गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने तीनों कनीना के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने धर्मबीर को मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र सिंह ने कनीना के सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर जाकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने मृतक धर्मबीर के ताऊ बलबीर पुत्र हरभजन के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक धर्मबीर के साढ़े चार वर्ष के जुड़वा लड़के हैं। सुरेंद्र सिंह अविवाहित था और वह अपने पिता के साथ खेती का कार्य करता था।