मंडी अटेली। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2021 की शुरुआत की गई। स्वच्छता में अव्वल रहने वाली पंचायत को मंत्रालय की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण टीम के लीडर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने गांव मोहलड़ा का निरीक्षण किया।
इस दौरान गांव के सार्वजनिक स्थान स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत घर व अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके अलावा गांव में शौचालयों और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया गया। नलों में टूटी के अलावा पाइप लाइन लीकेज, खुले में शौच मुक्त, अपशिष्ट प्रबंधन को देखा गया। टीम लीडर जितेंद्र ने बताया कि जिले में 27 गांव हैं जो प्राथमिक रिपोर्ट में स्वच्छता में अव्वल हैं तथा अटेली में 7 गांव हैं। मोहलड़ा गांव उनमें से एक है। इस मौके पर ब्लाक कोऑर्डिनेटर मोनिका सैनी, समाजसेवी रविंद्र, पूर्व सरपंच बिरेंद्र व सुनील कुमार उपस्थित रहे।