नारनौल। पुलिस महानिरीक्षक रेवाड़ी रेंज की देखरेख में बुधवार को जिला महेंद्रगढ़ में पुलिस द्वारा पकड़े गए मादक पदार्थों को गुरुग्राम में बायोटेक वेस्ट लिमिटेड कंपनी में निष्पादन किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को एम रवि किरण पुलिस महानिरीक्षक रेवाड़ी रेंज की अध्यक्षता व नूंह पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन की कमेटी के साथ जिला में मादक पदार्थों के 16 मामलों में पुलिस द्वारा पकड़े गए मादक पदार्थों का निष्पादन किया गया। जिले के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए गांजा, चूरापोस्त, चरस, भूखी, सुल्फा व नशीली दवाईयों को नष्ट किया गया।
एसपी चंद्रमोहन ने बताया कि पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को लकड़ी की आग में जलाया जाता था। जिससे पर्यावरण प्रदूषण होता था। इस प्रक्रिया में खर्च भी अधिक आता था। पर्यावरण संरक्षण के लिए आला अधिकारियों के विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया था कि इस प्रकार के पदार्थों को किसी ऐसी जगह पर नष्ट किया जाए जहां पर इसके जलाने से पर्यावरण पर दुष्प्रभाव न पड़े। जिसके लिए गुरुग्राम के बायोटेक वेस्ट लिमिटेड बॉयलर में उन्हें नष्ट करने का निर्णय लिया गया।