नारनौल। मालवीय नगर में एक बंद पड़े मकान के ताले तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और आभूषण चुरा ले गए। इसकी सूचना पर महावीर चौक पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित की शिकायत की है।
मकान मालिक सतपाल अपने परिवार के साथ बाहर घूमने के लिए गए थे और मकान की देखरेख की जिम्मेदारी परिचितों को दी थी। परिचित बुधवार रात्रि करीब दस बजे तक घर में ही थे। कोई जरूरी कार्य होने के कारण रात्रि को वे नारनौल के मोहल्ला जमालपुर में अपने घर चले गए। सुबह जब वे दोबारा घर पहुंचे तो घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था तथा द्वार खुला हुआ था। अंदर के कमरों के ताले भी टूटे पड़े थे तथा कमरों के अंदर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। वहीं आलमारी का लाकर भी टूटा पड़ा था जिसमें से करीब 20 हजार रुपये व कुछ सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इस घटना की सूचना तुरंत डायल 112 नंबर व महावीर चौकी पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस में देकर चोरी हुआ सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।