कस्बे के लोहारू सड़क मार्ग पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गाड़ी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को दी शिकायत में गांव ढाणी ढोला निवासी रणधीर ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे वह अपने भतीजे संदीप व गांव के योगेंद्र के साथ गाड़ी में सतनाली से वापस गांव जा रहे थे। रास्ते में गांव पथरवा के पैट्रोल पंप के पास सामने से तेज गति से आ रहे एक कैंटर चालक कैंटर की साइड दबा दी जिससे उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में गाड़ी चला रहे संदीप को गंभीर चोट लगी व योगेंद्र भी घायल हो गया। राहगीरों ने दोनों घायलों को सतनाली सीएचसी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया और योगेंद्र को प्राथमिक उपचार देकर उपचाराधीन कर लिया। हादसे के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक चाचा रणधीर के ब्यान पर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों का सौंप दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।