सतनाली। गांव जड़वा में ग्राम पंचायत की ओर से रविवार को अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया गया। ग्राम पंचायत की ओर से हाल ही में गांव की मुख्य फिरनी को पक्का करने का निर्णय लिया गया था। करीब 600 मीटर में बनी गांव की यह मुख्य फिरनी है व ग्राम पंचायत की ओर से 80 एमएम की टाइल्स लगाकर इसे पक्का किया जाएगा।
सरपंच टीनू देवी ने बताया कि गांव की मुख्य फिरनी की लंबे समय से पैमाइश नहीं की गई थी। साथ ही ग्रामीणों को इसकी सही स्थिति पता नहीं होने के कारण कुछ ग्रामीणों ने अपने मकानों के सामने चबूतरे बना लिए थे। हालांकि ग्रामीणों ने फिरनी के पक्के निर्माण पर सहमति जताते हुए सहयोग किया व स्वयं ही चबूतरे तुड़वाए। इस दौरान ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। उन्होंने बताया कि एक माह के समय में यह निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर महिला सरपंच के प्रतिनिधि के रूप में जगदीश, पूर्व सरपंच अत्तर सिंह, पूर्व सरपंच रवि शेखावत, पंच कृष्ण सिंह, राजू सिंह, सत्यवीर सिंह, देशराज सिंह, हनुमान आदि मौजूद रहे।