मंडी अटेली। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, अवसर मिलने पर वह स्वत: ही मुखर हो जाती है। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए अटेली मंडी के आशीष कुमार ने दूसरे ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा को पास कर दिखाया है। आशीष ने हाल ही में घोषित यूपीएससी परीक्षा में 570वां रैंक प्राप्त किया है।
आशीष के पिता बस्तीराम दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं, जबकि मां राजबाला मौलिक शिक्षा मुख्याध्यापक हैं। आशीष कुमार ने 12वीं की परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अटेली से पास की। तत्पश्चात आईआईटी रुड़की से बीटेक की डिग्री हासिल की है। बचपन से ही आशीष कुमार का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का है जो आज पूरा होता नजर आ रहा है। आशीष की बहन कंप्यूटर साइंस की प्रवक्ता है तथा छोटा भाई जयपुर में बीटेक का विद्यार्थी है। आशीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, स्टेट अवार्डी दीपक शर्मा, मुख्याध्यापक कृष्ण कुमार तथा प्रवक्ता डॉ. छत्रपाल वर्मा सहित अपने सभी गुरुजन को दिया।
प्रदीप यादव ने पाई यूपीएससी में पाया 343वां रैंक
महेंद्रगढ़। यूपीएससी के परीक्षा परिणाम में खातोदड़ा के प्रदीप यादव ने दूसरी बार में यूपीएससी की परीक्षा में 343वां रैंक हासिल किया है। पहली बार गत वर्ष 820 रैंक प्राप्त किया था लेकिन इस सफलता से प्रदीप यादव को संतुष्टी नहीं हुई। दूसरी बार कड़ी मेहनत से 343वां रैंक हासिल किया। प्रदीप ने बताया कि वह ग्रामीण परिवेश में ही पढ़ा लिखा है तथा उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। उनकी माता रोशनी देवी ग्रहणी हैं। प्रदीप यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला गांव का पहला युवा है। विजयपाल यादव एवं निदेशक अमित यादव ने इस सफलता पर प्रदीप को बधाई दी है।