लड़का होने की दवाई देने के नाम पर ठगी करने के मामले में थाना शहर नारनौल की पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नारनौल के टहला की ढाणी के रहने वाले रमेश ने मोहल्ला ईदगाह कॉलोनी नारनौल के रहने वाले व्यक्ति से लड़का होने की दवाई देने के नाम पर पैसे ठग लिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नारनौल के ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि लड़का पैदा होने की दवाई देने का झांसा देकर उसके साथ लाखों रुपये की ठगी की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक ढाबे पर टहला निवासी रमेश मिला, जिसने उसके परिवार के बारे में पूछताछ कर कहा कि वह लड़का पैदा होने की दवाई देता है। इस पर शिकायतकर्ता ने उसकी बातों में आकर लड़का पैदा होने की दवाई लेकर पैसे दे दिए। लेकिन दवाई देने के बाद भी लड़का पैदा नहीं हुआ और पैसे वापस मांगने पर झगड़ा करने लगा। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया है कि आरोपी ने पैसे ऐंठने के लिए लड़का होने की दवा देने के नाम पर पीड़ित को फंसाया था।