महेंद्रगढ़। डीएपी खाद को लेकर परेशानी झेल रहे किसानों का बुधवार को धैर्य जवाब दे दिया जिसके बाद शाम तीन रेलवे रोड पर जाम लगा कर बैठ गए। तीन दिनों से खाद का इंतजार कर रहे किसान बुधवार को खाद आने की उम्मीद में सुबह सात बजे आकर लाइनों में लग गए थे। किसान दिनभर गोदाम पर बैठे कर्मचारियों से पूछताछ करते रहे लेकिन उन्हें शाम को खाद आने का आश्वासन मिलता रहा। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र के किसान डीएपी खाद के लिए सरकारी दुकानों से लेकर निजी दुकानों पर चक्कर लगाकर खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
जाम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार नरेश कुमार व गिरदावर नरेश ने मौके पर पहुंचकर हैफेड के प्रबंधक जगराम यादव से बातचीत की। प्रबंधक से बातचीत के उपरांत किसानों को वीरवार सुबह नौ बजे खाद आने का आश्वासन दिया जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि वीरवार को खाद नहीं मिला तो आंदोलन करेंगे।
- तीन दिन से लगा रहे चक्कर:
तीन दिनों से केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन यहां उपस्थित कर्मचारी संतुष्टिजनक जवाब नहीं दे रहे हैं जिसके कारण पूरा दिन यहां बैठकर शाम को निराश लौटना पड़ रहा है। - सुगन सिंह, लावन,
- एक सप्ताह से लगा रहे चक्कर:
पिछले एक सप्ताह से खाद के लिए क्षेत्र के किसान केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन अधिकारियों द्वारा महज आश्वासन दिया जा रहा है। बुधवार को भी कर्मचारियों ने बताया था कि 400 बैग आएंगे। लेकिन पिछले सप्ताह से खाद नहीं मिल पाई है। - मनोज, मालड़ा
- दिनभर भूखे-प्यास रहने के बाद भी हाथ खाली:
तीन दिन से सुबह सात बजे आकर केंद्र के बाहर बैठ रही है। पूरा दिन खराब होने के बाद भी शाम के समय खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। महिला किसानों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
--- राजाबाला, झूक
-
- दिनभर बनती है लिस्ट:
दिनभर कर्मचारी लिस्ट बनाकर किसानों का समय बर्बाद कर रहे हैं। एक सप्ताह से किसान अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन खाद नहीं मिल रहा है। महिला किसानों को शौचालय नहीं होने से और अधिक परेशान होना पड़ रहा है।
--- तारा बाई, खातोदड़ा