सतनाली अनाज मंडी में खाद के लिए लगी किसानों की लाइन और निर्देश देते एसडीएम। संवाद
- फोटो : Narnol
डीएपी खाद की चल रही किल्लत के बीच रविवार को सतनाली के छह निजी केंद्रों पर खाद वितरित की गई। खाद आने की सूचना मिलते ही बिक्री केंद्र पर किसानों की भीड़ एकत्रित हो गई जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में किसानों को लाइन में लगाकर टोकन वितरित किए गए। दोपहर बाद एसडीएम दिनेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को नियमानुसार खाद वितरित करने के निर्देश दिए।
कृषि अधिकारी सज्जन धनखड़ ने बताया कि सतनाली के छह निजी केंद्रों पर रविवार को डीएपी के 1840 बैग आए हैं। पुलिस की उपस्थिति में व्यवस्था बनाकर केंद्रों पर प्रति किसान दो बैग खाद वितरित की जा रही है।
दूसरी ओर, खाद आने की जानकारी मिलने के बाद खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ लग गई जिसके बाद पुलिस द्वारा व्यवस्था संभालने के बाद दोनों ओर महिला और पुरुषों की लाइनें लगवाई गई और टोकन वितरित कर प्रति किसान दो बैग वितरित किए गए। एसडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि सतनाली में रविवार को निजी केंद्रों पर खाद वितरित की जा रही है जिसका उन्होंने जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि खाद लेने आए किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद वितरित किए।