संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले के पांच राजकीय उच्च विद्यालयों को प्रदेश सरकार ने अपग्रेड करके वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनाया है। सरकार के इस फैसले से 500 से अधिक विद्यार्थियों को फायदा होगा। इन स्कूलों के अपग्रेड होने से बच्चे अब अपने निकटतम गांव में ही 11वीं 12वीं कक्षा में दाखिला ले सकेंगे।
सरकार के इस फैसले से कुरुक्षेत्र में गांव लुखी, कसीथल, बीड कालवा, तिगरी और सुरखपुर हाई स्कूल अपग्रेड होकर अब सीनियर सेकेंडरी स्कूल बन गए हैं। इन स्कूलों में साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स सहित करीब 8 से 10 विषय पढ़ाए जाएंगे और इन विषयों के लिए लेक्चरर की नियुक्ति की जाएगी। विधायक सुभाष सुधा ने दूरभाष पर बताया सरकार ने प्रदेश भर में 51 स्कूलों को अपग्रेड करके लेक्चरर की 612 पोस्ट की अनुमति और 51 प्रिंसिपल के साथ-साथ विभिन्न कर्मचारियों के पदों को सृजित करने की घोषणा की है।
सरकार ने बच्चों को अपने निकटतम क्षेत्र में 11वीं व 12वीं कक्षा की पढ़ाई करने की सुविधा देने के लिए एक अहम फैसला लिया है। इस फैसले से दर्जनों गांवों को विद्यार्थियों को फायदा होगा, क्योंकि विद्यार्थी अब अपने गांव के आसपास ही विभिन्न विषयों में 11वीं और 12वीं की कक्षाओं में दाखिला ले सकेंगे।
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इन स्कूलों में करीब 400 से 500 विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे और अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी सत्र से इन स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि सरकार का प्रयास है कि इस सत्र से ही दाखिला शुरू किया जाए। इन स्कूलों में लेक्चरर, प्रिंसिपल, लाइब्रेरियन और अन्य कई तरह के पदों को सृजित कर दिया गया है।