संवाद न्यूज एजेंसी
बाबैन। तीन महीने पहले यूक्रेन में एमबीबीएस करने गया गांव यारा का युवक हरदीप शर्मा वीरवार को सकुशल गांव पहुंच गया। हरदीप से मिलने के लिए उसके रिश्तेदार, दोस्त और ग्रामीण पहुंच रहे हैं तथा उससे यूक्रेन के हालात की जानकारी ले रहे हैं।
बातचीत करते हुए हरदीप शर्मा ने बताया कि वीरवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उसने सबसे पहले यूक्रेन में फंसे अपने दोस्तों से मोबाइल पर बातचीत की। दोस्तों ने बताया कि यहां हालात बेहद खराब हो चुके हैं। पूरे देश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस वजह से आने जाने पर पाबंदी लगी है। वे लोग काफी परेशानी है। बिना काम के घर से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा, केवल जरूरी कार्य के लिए ही बाहर जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
सतबीर शर्मा ने बताया कि उसने अपने बेटे को यूक्रेन एमबीबीएस करने के लिए भेजा था ताकि वह वापस अपने देश आकर समाजसेवा करे। तीन महीने पहले ही हरदीप को यूक्रेन भेजा था। वहां इवानो शहर में वह अपनी पढ़ाई कर रहा था, मगर जैसे ही यूक्रेन में हालात खराब होने की जानकारी मिली तो परिवार वाले चिंता करने लगे थे। इस कारण उन्होंने हरदीप को वापस बुला लिया। बताया कि वापसी के लिए करीब 70 हजार रुपये की टिकट बुक हुई थी। पहले यूक्रेन की टिकट करीब 30 हजार रुपये में बुक हो जाती थी, मगर अब हालात पहले जैसे नहीं है।
सरकार भारतीयों को यूक्रेन से निकालने के लिए करें पहल
हरदीप शर्मा का हालचाल जानने के लिए पहुंचे ग्रामीण मांगे राम शर्मा, बीनेश शर्मा, राजेश शर्मा, रामकरण, रणबीर सिंह, अमीचंद, लालचंद व सुदर्शन ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जो बच्चे अभी भी इस तनावपूर्ण माहौल में यूक्रेन में फंसे हैं उनको जल्द से जल्द सुरक्षित पहुंचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाए।