संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नई अनाज मंडी के ग्रेन मार्केट आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील सिंगला ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने मंडी में तीन अध्यक्षों की बजाए एक अध्यक्ष बनाने का आग्रह किया, ताकि समूची अनाज मंडी के सभी व्यापारी एकजुट होकर अपनी मांगें सरकार के सामने पेश कर सकें।
अध्यक्ष सुशील सिंगला द्वारा सोमवार को पहले आम सभा की बैठक बुलाई गई। बैठक में करीब 250 आढ़तियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सबसे पहले ग्रेन मार्केट एसोसिएशन के महासचिव हरविंदर बंसल ने पूरे वर्ष किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा धर्मशाला कमेटी की रिपोर्ट रखी। इसके बाद अध्यक्ष सुशील सिंगला ने मंडी के सभी आढ़तियों द्वारा पूरे वर्ष किए गए सहयोग का धन्यवाद करते हुए अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया।
इस अवसर पर सुशील सिंगला ने कहा कि पिछले तीन चार साल में अनाज मंडी के आढ़तियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है, जिनका निवारण करना आवश्यक है। मीटिंग के दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष के लिए मायाराम चंद्रभानपुरा को चुना गया, ताकि अन्य दो मंडी एसोसिएशन के अध्यक्षों से बात करने के लिए छह सदस्य कमेटी गठित की जा सके। कार्यवाहक अध्यक्ष मायाराम ने बताया कि पहले छह सदस्य कमेटी की बैठक हो होगी। इसके बाद बुधवार को दोबारा बैठक बुलाई जाएगी। इस दौरान अन्य दोनों एसोसिएशन के अध्यक्षों से मिलकर इस मुद्दे पर कोई अंतिम निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर वीरभान, लच्छीराम, शीशपाल मित्तल, डीपी सिंह, सूबे सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।