पिछले दिनों नाकाबंदी के दौरान तीन किलो गांजा पत्ती के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने एक जनवरी को कुरुक्षेत्र के मोहन नगर निवासी नसीब सिंह को गांजा पती के साथ पैदल जाते हुए गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया था। अब नसीब सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने सप्लायर राजेश कुमार वासी नजदीक विश्वकर्मा मंदिर इंद्री (करनाल) को गिरफ्तार कर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि एक जनवरी उनकी टीम नए बस अड्डे कुरुक्षेत्र के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि नसीब सिंह गांजा पत्ती बेचने का धंधा करता है। वह आज भी गांजा पत्ती लेकर मोहन नगर चौक से होते हुए पैदल अपने घर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने पुलिस उप-अधीक्षक मुख्यालय सुभाष चंद्र को साथ लेकर मोहन नगर चौक के पास नाकाबंदी करके आरोपी को तीन किलो गांजा पत्ती के साथ काबू किया था। आरोपी के विरुद्ध थाना शहर थानेसर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूला था कि यह गांजा उसने राजेश कुमार से लिया था। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया था। अब इस मामले में 11 जनवरी को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने सप्लायर राजेश कुमार को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से एक दिन के रिमांड पर लिया है।