कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एस्ट्रोटर्फ बनने का बड़ी बेसब्री से इंतजार के रहे हॉकी प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। लंबे इंतजार के बाद अब 28 दिसंबर को अर्जुन अवॉर्डी एवं खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास करने पहुंच रहे हैं।
खेलो इंडिया स्कीम के तहत बनने जा रहे 120 मीटर लंबे और 60 मीटर चौड़े इस एस्ट्रोटर्फ पर पसीना बहा हॉकी खिलाड़ी सूरमा बनने का सपना साकार कर सकेंगे। इतना ही नहीं, विश्वविद्यालय में एस्ट्रोटर्फ तैयार होने पर विवि के साथ-साथ अंतर विवि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले हॉकी खिलाड़ियों को भी सुविधा मिलेगी।
दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा वर्ष 2019 में सरकार से एस्ट्रोटर्फ की मांग की गई थी। सरकार द्वारा 23 अक्तूबर 2020 को साढ़े पांच करोड़ की से उक्त प्रोजेक्ट को पूरा करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कोविड के कारण एस्ट्रोटर्फ का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, लेकिन अब हॉकी खिलाड़ियों की मुराद पूरी होने जा रही है। एस्ट्रोटर्फ तैयार होने पर खिलाड़ियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
एस्ट्रोटर्फ न होने के कारण कुरुक्षेत्र के हॉकी खिलाड़ियों को ही परेशानी नहीं झेलनी पड़ती थी, बल्कि इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भागीदारी करने वाली टीमों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विवि के खेल प्रांगण में एस्ट्रोटर्फ न होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन को शाहाबाद के मारकंडेश्वर स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता करानी पड़ती थी। अब 28 से 2 जनवरी तक भी आयोजित होने वाली हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल और फाइनल मैच शाहाबाद में कराने पड़ेंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल निदेशक राजेश सोबती का कहना है कि विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में एस्ट्रोटर्फ तैयार होने के बाद हॉकी खिलाड़ियों को काफी राहत मिलेगी। हॉकी खिलाड़ियों को साधारण मैदान पर ही तैयारी करनी पड़ती थी, लेकिन एस्ट्रोटर्फ तैयार होने के बाद खिलाड़ी यहीं प्रैक्टिस करेंगे। इससे उनकी प्रतिभा में निखार भी आएगा और वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा का कहना है कि साढ़े पांच करोड़ की लागत से शहर का पहला एस्ट्रोटर्फ विश्वविद्यालय के प्रांगण में बनने जा रहा है। खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा व कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा 28 दिसंबर को एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास करेंगे। हॉकी एस्ट्रोटर्फ लगाने से हॉकी खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा। इस एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास कर हमारे खिलाड़ी खुद को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर सकेंगे। उम्मीद है कि वर्ष 2022 में ही एस्ट्रोटर्फ बनकर तैयार होगा।