Kurukshetra: मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे क्लर्कों व पुलिस के बीच धक्का मुक्की, दर्जनों को हिरासत में लिया
Sun, 21 Jul 2024 11:16 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
कुरुक्षेत्र में क्लर्क रोष जताते हुए सीएम आवास की तरफ बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई तो दर्जनों क्लर्कों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अलग-अलग वाहनों में ले जाकर उन्हें पुलिस लाईन तो आर्दश थाना सहित कईं जगहों पर छोड़ दिया।
कुरुक्षेत्र में एक सप्ताह से मांगों को लेकर हड़ताल पर उतरे विभिन्न विभागों के क्लर्कों व पुलिस के बीच रविवार सुबह उस समय धक्का मुक्की हो गई जब वे सीएम आवास पर जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो हंगामा हो गया। टकराव के चलते पुलिस ने दर्जनों क्लर्कों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में पुलिस लाईन व आर्दश थाना में ले जाकर छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री नायब सैनी देर रात कुरुक्षेत्र पहुंचे थे, जहां वे सुबह ब्रह्मसरोवर तट पर आयोजित राहगिरी कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर शामिल हुए। इसके बाद वे फिर अपने आवास पर गए तो गत सोमवार से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे क्लर्क भी पिपली देवीलाल चौक के पाए एकजुट हो गए। इनकी भनक पुलिस को भी लग गई और भारी संख्या में पुख्ता बंदोबस्त के साथ पुलिस बल वहां पहुंच गया।
क्लर्क रोष जताते हुए सीएम आवास की तरफ बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई तो दर्जनों क्लर्कों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अलग-अलग वाहनों में ले जाकर उन्हें पुलिस लाईन तो आर्दश थाना सहित कईं जगहों पर छोड़ दिया। इसके बाद क्लर्क फिर एकजुट होने लगे, लेकिन तब तक मुख्यमंत्री जा चुके थे। अब क्लर्क बैठक कर अगली रणनीति बनाएंगे।