चोरी की बाइक पर जाली नंबर प्लेट लगाकर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने आरोपी महिंद्र पाल और नीरज वासी श्याम कॉलोनी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और छीना गया एक मोबाइल बरामद करके आरोपियों को जेल भेज दिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 19 सितंबर को थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में सतिंद्र पाल सिंह वासी गोबिंदगढ़ ने बताया कि वह सेक्टर-17 में नौकरी करता है।
17 सितंबर दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी बाइक को लॉक लगाकर कार्यालय के बाहर खड़ी करके चला गया था। शाम करीब 5 बजे वह कार्यालय से बाहर आया तो उसकी बाइक चोरी हो चुकी थी। शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज करके जांच सीआईए-1 को सौंपी थी। मामले की जांच करते हुए सीआईए-1 ने 9 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि दो लोग चोरी की बाइक जाली नंबर प्लेट लगाकर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते हैं। वह इस समय जिंदल पार्क के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर वहां मौजूद दो लोगों से शक के बिनाह पर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी नीरज ने कबूला कि किया कि उसने यह बाइक अजय उर्फ ढकली वासी संगम मार्केट लाडवा से करीब पांच महीने पहले खरीदी थी। उन्होंने 3 जुलाई 2021 को बिरला मंदिर चौक से ब्रह्मसरोवर की तरफ पैदल जा रहे एक व्यक्ति का मोबाइल छीना था। पुलिस की जांच से पता चला कि इस संबंध में 03 जुलाई को थाना केयूके में साहिल वासी मुआना(जींद) की शिकायत पर दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक व छीना गया एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके अतिरिक्त आरोपियों ने कबूला कि इस बाइक पर उन्होंने थानेसर एरिया से स्नैचिंग की सात वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।