पिहोवा। कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर गांव चुनिया फार्म के पास कार की टक्कर लगने से पैदल जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त शीशपाल निवासी चुनिया फार्म के रूप में हुई है। शीशपाल मेहनत-मजदूरी का काम करता था। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर पुलिस को दी अपनी शिकायत में पूर्व सरपंच ज्ञान चंद निवासी चुनिया फार्म ने कहा कि वह रात करीब सवा आठ बजे इंद्रपाल की किराने की दुकान के बाहर बैठा था तभी उसे गांव का ही शीशपाल सड़क के किनारे कच्चे रास्ते से किराने की दुकान की तरफ आता दिखा। इस दौरान कुरुक्षेत्र की ओर से आई एक कार ने पैदल चल रहे शीशपाल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण शीशपाल सड़क के साइड में कच्चे में जा गिरा। उसने तुरंत उठकर शीशपाल को संभाला तथा एंबुलेंस को सूचना दी तभी कार चालक अपनी कार को रोक कर उनके पास पहुंचा, मगर लोगों को इकट्ठा होते देख वह कार समेत मौके से फरार हो गया। उसने एंबुलेंस की मदद से शीशपाल को पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शीशपाल की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।