लाडवा-इंद्री मार्ग पर टवेरा व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को परिजनों और राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में राकेश वासी गांव मदनपुर (करनाल) ने बताया कि वह पांच लोग दो बाइक पर सवार होकर अपने गांव मदनपुर से ईशरगढ़ भंडारे में जा रहे थे।
वह अपनी बाइक पर अपने ताऊ के बेटे के साथ तथा दूसरी बाइक पर उसका चचेरा भाई पालाराम, चाचा बलबीर और रविंद्र सिंह जा रहे थे। जैसे ही वह गांव बडौंदी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही टवेरा गाड़ी के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसके चचेरे भाई पालाराम की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वो तीनों बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान पालाराम की मौत हो गई, जबकि दोनों घायलों का करनाल के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है तथा उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी घटना में मेजर पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर व कैंटर में भिड़ंत हो गई, जिससे कैंटर अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया। ट्रैक्टर चालक राम सिंह गुढ़ा ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर ट्राली में धान लेकर बेचने के लिए अनाज मंडी लाडवा जा रहा था। जैसे ही वह मेजर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो कैंटर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए अचानक उसकी तरफ गाड़ी मोड़ दी, जिससे उसका ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रहा कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।