आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 2274 सैंपलों में से 13 वर्षीय बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब तक 22 हजार 110 मरीज कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि इनमें से 21 हजार 737 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। हालांकि 356 मरीजों की उपचार के दौरान मौत भी हो चुकी है। फिलहाल जिले में कोरोना वायरस के 17 एक्टिव केस हैं। इनमें से 9 लोग घर में आइसोलेट हैं और 8 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल हैं।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट काफी अच्छे स्तर पर है और कुरुक्षेत्र में अब तक 21737 कोविड मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अभी तक लिए गए 456874 में से 433236 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। बताया कि आरटी पीसीआर के 2087 और रैपिड एंटीजन के 187 सैंपलों में से मात्र 13 वर्षीय बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही एक मरीज को ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है।
ज्योति नगर में बनाए गए कंटेनमेंट जोन को किया डी-नोटिफाई, दो जगह बनाए कंटेनमेंट जोन
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार ज्योति नगर में बनाए गए कंटेनमेंट व बफर जोन क्षेत्र से निजात दी गई है। उधर, जिला में धनौरा जाटान व ज्योतिसर में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए है। इस क्षेत्र में कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर नोडल अधिकारी नियुक्त कर हेल्प लाईन नंबर भी जारी किए गए है। साथ ही इन क्षेत्र को कंटेनमेंट व बफर जोन में शामिल करते हुए सैनिटाइज करने के आदेश दिए हैं।