एक साल पहले शराब ठेके पर लूट के मामले में पुलिस ने दूसरे इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराधी साहिल उर्फ नवदीप वासी राधे श्याम मंदिर पटियाला (पंजाब) को दो दिन के रिमांड पर लिया है। साहिल पर पुलिस ने एक हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी।
पुलिस उप-अधीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि 6 अगस्त को जसबीर सिंह वासी दिवाना ने थाना सदर पिहोवा पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उसका शराब का एक सब ठेका चक्की प्लाट अधोया में है। इस ठेके पर विक्की वासी जखोली (कैथल) को काम के लिए रखा हुआ है। रात को विक्की ने उसे फोन करके बताया कि छह युवक उसके साथ मारपीट करके ठेके से 25 पेटी शराब और पैसे छीनकर ले गए हैं।
सूचना पर वह अपने साथी रामलाल वासी अरनैचा के साथ ठेके पर पहुंचा था। विक्की ने बताया कि रात के समय दिलप्रीत खान हाल वासी आजाद नगर और नवदीप वासी पटियाला कार में सवार होकर ठेके पर आए थे। वह पहले भी यहां से शराब लेकर जाते रहे हैं। नवदीप ने उससे 25 पेटी शराब की मांग की थी। उसने नवनीत से 42 हजार 350 रुपये लेकर 25 पेटी शराब उनकी कार में लोड कर दी थी। तभी एक अन्य गाड़ी में चार युवक मौके पर पहुंचे थे। उनमें एक युवक के हाथ में पिस्टल तथा दूसरे के साथ में चाकू था। वे चारों युवक दिलप्रीत खान के इशारे के साथ जबरदस्ती ठेके में अंदर घुस गए और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वे उसे डरा धमकाकर गल्ले से करीब 70 हजार रुपये, उसका मोबाइल और उसका पर्स जिसमें 1000 रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच करते हुए पुलिस टीम ने 7 अगस्त आरोपी दिलप्रीत खान को गिरफ्तार करके पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शराब लेने के बहाने लूटपाट की थी। बाद में जांच सीआईए-2 को सौंपी थी। पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए 15 सितंबर को आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।