विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी को जिला पुलिस की सीआईए-2 ने काबू कर लिया है। 25 हजार के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी लुधियाना के राजीव एन्क्लेव शहीद भगत सिंह नगर वासी रमिंद्र सिंह पुत्र सवरन सिंह पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) नरेंद्र सिंह ने बताया कि 25 हजार के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी रमिंद्र सिंह के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में सबसे ज्यादा मामले थाना शहर थानेसर में 7, थाना सदर थानेसर में 2 , बाबैन में 1 व लुधियाना पंजाब में 2 मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ दर्ज सभी मामले विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दर्ज हैं। डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने गांव गांदली वासी रोशन लाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी। सीआईए की टीम ने 9 जून 2020 को आरोपी गांव सिरसमा वासी विशाल पुत्र रमेश को, 16 जून 2020 को रविंद्र कुमार पुत्र रणधीर सिंह वासी सिरसमा व सलोनी सलूजा पत्नी रमिंद्र सिंह वासी लुधियाना को गिरफ्तार किया गया था। मामले में शामिल आरोपी रमिंद्र सिंह पुत्र सवरन सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस विभाग की ओर से 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। गत दिवस सीआईए-2 की टीम ने मामले में कार्यवाही करते हुए 25 हजार के इनामी अपराधी रमिंद्र सिंह पुत्र सवरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।