संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। हरियाणा रोडवेज के बस चालकों की मनमानी पर लगाम कसने के लिए बुधवार को विधायक रामकरण काला और नपा प्रधान गुलशन क्वात्रा शाहाबाद बस स्टैंड के बाहर सड़क पर जा डटे और पिपली से अंबाला जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों को रुकवा कर उसमें विद्यार्थियों को बैठाया।
उल्लेखनीय है कि सुबह के समय शाहाबाद से अंबाला कॉलेज व स्कूलों में जाने वाले विद्यार्थियों ने विधायक से फरियाद की थी कि हरियाणा रोडवेज के चालक सुबह के समय बसों को शाहाबाद बस स्टैंड पर न रोक कर 100-100 मीटर आगे व पीछे रोकते हैं, जिस कारण बसों में सवार होने के लिए विद्यार्थियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। विशेषकर लड़कियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बस पकड़ने की इस भागदौड़ में कई विद्यार्थी चोटिल हो चुके हैं।
विद्यार्थी आशीष कोहली, पुनीत कुमार, अमित नारंग, पंकज सेठी, सुबेग सिंह, हरदीप सिंह, सारथी, नेहा, सोनिया, सुगंध, कायनात के मुताबिक इस समस्या के बारे में कई बार बस अड्डा प्रभारी व जीएम को लिखा जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। इस पर विधायक रामकरण काला व नपा प्रधान डॉ. गुलशन क्वात्रा ने अपनी टीम के साथ खुद सड़क पर मोर्चा संभाला।
विधायक काला ने कहा कि इस समस्या के बारे में वह जीएम से बात करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि सुबह आठ बजे एक विशेष बस शाहाबाद के विद्यार्थियों को अंबाला तक छोड़कर आए। इसके अलावा निर्देश जारी करवाए जाएंगे कि हरियाणा रोडवेज की सभी बसें शाहाबाद बस स्टैंड के अंदर से होकर निकलें या फिर सभी बसें बस स्टैंड के सामने रुकें।
नगर पालिका प्रधान डॉ. गुलशन क्वात्रा ने कहा कि बस चालकों की मनमानी छात्राओं पर हावी नहीं होने दी जाएगी। विधायक रामकरण काला और वह स्वयं जीएम से मुलाकात करेंगे और इस समस्या का समाधान करवाएंगे। उसके बाद भी इस समस्या का हल नहीं हुआ तो मामला मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के दरबार में पहुंचेगा। इस अवसर सुदर्शन कक्कड़, पार्षद राजेश उप्पल, राजू आनंद, हैप्पी आनंद, राकेश वधवा आदि मौजूद रहे।
विधायक के जाने के बाद फिर मनमर्जी
विधायक रामकरण काला व डॉ. गुलशन क्वात्रा ने सड़क पर मोर्चा संभालकर स्वयं बसों को रुकवाया और विद्यार्थियों को बैठाया। दोनों जनप्रतिनिधियों के जाने के बाद फिर से वही खेल शुरू हो गया। बस चालक मनमर्जी से बसें लेकर शाहाबाद से गुजरे।