पुलिस ने शराब के ठेकेदार व उनके कर्मचारियों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 3 को नामजद कर 15-16 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव रवालो जिला अंबाला निवासी गुरपाल सिंह ने कहा कि वह शाहाबाद एरिया में शराब के ठेकेदार के साथ काम करता है। उनका ग्रुप नंबर 25 मंदीप सिंह के नाम है। वह मंगलवार को सुशील कुमार, सुच्चा सिंह, रूद्र व कुलविंद्र सिंह के साथ ठेकेदार की गाड़ी में ठेकों पर चक्कर मारने के लिए गए थे।
जब वह गांव चढूनी से रामनगर की ओर जाने लगे तो रामनगर की ओर से 3 गाड़ियों में करीब 15-16 युवक आए। युवकों ने एक गाड़ी उनकी गाड़ी के सामने अड़ाकर रास्ता रोक दिया। तीनों गाड़ियों में से युवक उतरे और उतरते ही उनकी गाड़ी पर लोहे की रॉड, बिंडों व गंडासी से हमला कर दिया। गाड़ी के शीशे व लाइटें तोड़ दी।
आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से बाहर नहीं आने दिया और उन्हें चोटें पहुंचाई। शिकायत में कहा गया कि इन युवकों में से एक रजत निवासी चढूनी, दूसरा गौरव तथा एक अन्य प्रिंस निवासी राय माजरा था। जब उन्होंने अपने बचाव में शोर मचाया तो मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अपने हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया।