थाना बाबैन क्षेत्र के गांव कंदौली में 29 वर्षीय एक मजदूर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही बाबैन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव शनिवार की देर शाम ही परिजनों को सौंप दिया, जिसका रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने आत्महत्या के लिए गांव के ही जमींदार पिता-पुत्र को कसूरवार ठहराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बाबैन पुलिस को दी शिकायत में पिता अमरजीत ने बताया कि उसका बड़ा बेटा दीपक उर्फ दीपू गांव में ही दिहाड़ी मजदूरी करता था। जनवरी 2021 में गांव के ही एक जमींदार पिता-पुत्र ने दीपक को नया ट्रैक्टर लोन पर लेने की सलाह दी और कहा कि लोन मे वे अपनी जमीन की फर्द रख देंगे। इस पर दीपू ने लोन की तमाम प्रक्रियाएं पूरी करके दो लाख 10 हजार रुपये डाउन पेमेंट कर नया ट्रैक्टर खरीद लिया। ट्रैक्टर को जमींदारों के खेतों में चलाकर वह अपने परिवार का गुजारा करने लगा। अमरजीत का आरोप है कि अप्रैल 2021 में जमींदार पिता-पुत्र ने दीपक से ट्रैक्टर छीनकर अपने घर पर खड़ा कर लिया और बोले कि ट्रैक्टर उनके नाम है। उसके बाद दीपू कई बार ट्रैक्टर लेने के लिए उनके घर पर चक्कर काटता रहा, लेकिन उन्होंने ट्रैक्टर देने से मना कर दिया। वहीं ट्रैक्टर की बकाया किस्त दीपू ने गांव के कुछ लोगों से उधार पैसे लेकर चुकता कर दी। बावजूद इसके आरोपियों ने ट्रैक्टर देने से मना कर दिया।
शिकायत में बताया कि शनिवार को दीपू अपनी पत्नी से यह कहकर घर से निकला कि आज उसे जमींदार पिता-पुत्र के साथ ट्रैक्टर के बारे हिसाब-किताब करना है, लेकिन जब दीपू जमीदार के घर से वापस आया तो वह मायूस व परेशान था। वह कमरे में गया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दीपक के परिजन अमरजीत सिंह, राजबीर सिंह, बलजीत सिंह, रविंद्र कुमार, सुखबीर सिंह व रमेश कुमार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की जांच कर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
बॉक्स
मामले की कर रहे जांच : जगबीर सिंह
बाबैन थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने कहा कि फिलहाल मामले में 174 की कार्रवाई की है। परिजनों द्वारा थाने में दी गई शिकायत पर जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।