कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को भले ही सरकार के आदेशों का इंतजार है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन कैंपस खोलने की पूरी तैयारी में है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से उनकी वैक्सीनेशन का ब्यौरा मांगा है। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि विश्वविद्यालय कब से खोला जाएगा और क्या गाइडलाइन होंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार की ओर से आज पत्र जारी किया जा सकता है। बता दें कि विश्वविद्यालय कैंपस खोलने के लिए केयू प्रशासन को सरकार के आदेशों का इंतजार है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस खोलने के पहले विवि के सभी विद्यार्थियों से उनका टीकाकरण स्टेटस पता किया है।
दरअसल, उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से पिछले माह जारी हुए पत्र में कोरोना की सामान्य स्थिति होने पर 16 अक्तूबर से केयू कैंपस खोलने का सुझाव दिया था। गनीमत है कि पिछले कई दिनों से कुरुक्षेत्र जिला लगातार कोरोना से मुक्ति की ओर कदम बढ़ा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिए गए आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 312 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल कुरुक्षेत्र में एक्टिव मरीजों की संख्या दो हैं, जिन्हें होम आइसोलेट किया गया है। केयू लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय ने बताया कि फिलहाल सभी विद्यार्थियों की जानकारी नहीं आई है। कहा कि जैसे ही सरकार कैंपस खोलने के आदेश करेगी, तभी विवि प्रशासन सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कैंपस खोलेगा।