संवाद न्यूज एजेंसी
कुुरुक्षेत्र/पिहोवा। कार की टक्कर लगने से बाइक सवार 22 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। रोहित वासी कोथ कलां (हिसार) पिहोवा के गांव स्याणा सैदां में जिओ कंपनी में बतौर सहायक प्रबंधक तैनात था। रोहित अपने चचेरे भाई बलविंद्र सिंह वासी चीका के गांव कल्लर माजरा (कैथल) के साथ जा रहा था। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सदर पिहोवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बलविंद्र सिंह वासी कल्लर माजरा ने कहा कि उसकी चीका में मेडिकल की दुकान है। उसके चचेरा भाई रोहित करीब पांच साल से उसके ही पास रहता था। सवा साल पहले ही रोहित जिओ कंपनी में बतौर सहायक प्रबंधक (जेपीएएम) नियुक्त हुआ था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह अपनी बुआ की बेटी के पास गांव भौर सैयदा आया था तथा रोहित कंपनी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पिहोवा कंपनी के कार्यालय आया था।
उसने रोहित को फोन करके बताया कि दोनों एक साथ ही गांव में चलेंगे। करीब साढ़े 8 बजे रात रोहित उसे पिहोवा में मिला। वह दोनों अपनी-अपनी बाइक पर गांव के लिए चल दिए थे। रोहित अपनी बाइक पर उसके आगे चल रहा था। 15 मिनट के बाद जैसे ही वह दोनों गांव स्याणा सैदां के पास पहुंचे तो चीका की तरफ से आए कार चालक ने गलत साइड में आकर रोहित की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते रोहित बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसने तुरंत बाइक रोककर रोहित को संभाला। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना देकर बुलाया और वह तुरंत रोहित को लेकर पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने रोहित की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। रोहित के शव का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव कोथ कलां जिला हिसार में किया गया।