फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षा से एक दिन पहले भी रोल नंबर जारी नहीं कर पाया केयू, दिनभरा भटकते रहे सैकड़ों विद्यार्थी

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं बुधवार से शुरू होनी हैं, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले भी सभी विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी नहीं हो सके। इससे नाराज एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब परीक्षा शाखा-2 में ताला जड़ दिया। साथ ही विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान वहां पहुंचे अन्य विद्यार्थियों ने भी रोल नंबर जारी नहीं होने तक भूख हड़ताल शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परीक्षा नियंत्रक ने सभी को रोल नंबर उपलब्ध कराने और देर शाम तक वेबसाइट पर अपलोड कराने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

केयू विवि के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की बुधवार से होने वाली परीक्षाओं में करीब 60 हजारों विद्यार्थियों को शामिल होना है, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों के रोल नंबर एक दिन पहले तक जारी नहीं हो सके। इस संबंध में विवि प्रबंधन का कहना है कि दस्तावेजों में खामियों के कारण विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी नहीं हो सके हैं। कई विद्यार्थियों ने आनलाइन फार्म भरे लेकिन उसकी हार्ड कापी जमा नहीं कराई। रोल नंबर नहीं मिलने से परेशान दूरदराज से विद्यार्थी मंगलवार की सुबह से ही केयू पहुंचने लगे थे। इस दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी जमा हो गए। उन्होंने तत्काल सभी छात्रों के रोल नंबर जारी नहीं होने पर दोपहर 12 बजे तालाबंदी की चेतावनी दी। इसके बाद भी विवि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो आक्रोशित लोगों ने परीक्षा शाखा पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी करते हुए भूख हड़ताल पर बैठ गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने विद्यार्थियों को समझा बुझाकर शांत कराया और परीक्षा शाखा का ताला खुलवाया। छात्रों के प्रदर्शन के बाद देर शाम तक बीए प्राइवेट, एमए अंग्रेजी और इतिहास सहित कई पाठ्यक्रमों के रोल नंबर जारी करने की कवायद जारी थी। केयू इकाई अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि एबीवीपी की ओर से पहले भी इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
अनशन पर बैठे एबीवीपी के प्रदेश मीडिया संयोजक हिमांशु ठाकुर ने कहा कि एबीवीपी द्वारा रोल नंबर को लेकर काफी दिन से मांग की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा।
विज्ञापन

चेतना शर्मा ने बताया कि उसकी 11 तारीख को एमए हिंदी अंतिम वर्ष की परीक्षा है, लेकिन अभी तक उसे रोल नंबर नहीं मिला है। वह कैथल की रहने वाली है और रोल नंबर के लिए पिछले तीन दिन से केयू के चक्कर लगा रही है। यहां पता चला कि अभी उसका पंजीकरण ही नहीं हुआ है और रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है।
पिहोवा से आई छात्रा पूजा ने बताया कि उसकी कल एमए इतिहास की परीक्षा है, लेकिन अभी तक रोल नंबर नहीं मिला। बताया गया कि उसके रोल नंबर को लेकर भी पंजीकरण की दिक्कत है। दो-तीन दिन से लगातार केयू आ रही हूं। अब कल की परीक्षा की चिंता है।
कपिल ने कहा कि उसकी बहन पूनम देवी की एमए इतिहास अंतिम वर्ष की परीक्षा है। बहन घर पर परीक्षा की तैयारी कर रही है और वह रोल नंबर के लिए आया है। सुबह से दोपहर हो गई, लेकिन अभी कुछ नहीं पता कि रोल नंबर मिलेगा या नहीं।
दस्तावेजों की कमियों के चलते जिन विद्यार्थियों को रोल नंबर नहीं मिले, उन विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी करने के लिए गैर शिक्षक कर्मचारी देर रात तक जुटे रहे। बताया गया कि 60 हजार से अधिक विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं देंगे, लेकिन परीक्षा शाखा के कर्मचारी पिछले कई दिनों से बिना छुट्टी करें लगातार काम कर रहे हैं। केयू प्रवक्ता डॉ. दीपक राय का कहना है कि विद्यार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरते हुए कई कॉलम बिना भरे छोड़ दिए तो कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा शाखा में फार्म की हार्ड कॉपी जमा नहीं कराई। इसकी वजह से ही कुछ विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी नहीं हो सके, लेकिन मंगलवार देर रात तक सभी विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी किए जाएंगे। बुधवार को विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें