संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी अभ्यास कैंप के लिए बंगलूरू रवाना हो गई हैं। इससे पहले हॉकी खिलाड़ी कप्तान रानी रामपाल, नवजोत कौर व नवनीत कौर ने आदेश अस्पताल में अपना कोरोना टेस्ट कराया। अस्पताल प्रबंधन ने तीनों खिलाड़ियों का स्वागत किया।
कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम का अभ्यास बैंगलोर में शुरू हो गया है। अब अगले वर्ष होने वाले एशियन गेम व वर्ल्ड कप के लिए अभ्यास किया जाएगा। देशवासियों का जो सपना ओलंपिक में अधूरा रह गया था उसे आने वाली चैंपियनशिप में पूरा किया जाएगा।
नवजोत व नवनीत कौर ने कहा कि ओलंपिक में लाजवाब प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम में पूरा उत्साह है। आदेश ग्रुप के चेयरमेन डॉ. एचएस गिल ने खिलाड़ियों को अगली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर डॉ. एचएस गिल, प्रिंसिपल बीएल भारद्वाज, डॉ. एनएस लांबा, डॉ. गुणतास सिंह गिल, डॉ. नरेश ज्योति, प्रबंधक हरिओम गुप्ता मौजूद रहे।