माई सिटी रिपोर्टर
कुरुक्षेत्र। जिला स्वास्थ्य विभाग कुरुक्षेत्र में पहली बार 13 से 15 सितंबर तक तीन दिवसीय मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाएगा। इस अभियान में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा 60 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लघु सचिवालय में शुक्रवार को उपायुक्त मुकुल कुमार ने जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 3 दिन लगातार चलने वाले मेगा टीकाकरण अभियान के दौरान 60 हजार लोगों को कोरोना बचाव का वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अधिक से अधिक शिविर लगाए जाएंगे। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के अतिरिक्त प्रधान सचिव राजीव अरोड़ा ने 25 सितंबर तक वैक्सीनेशन से वंचित लोगों को वैक्सीनेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पूरी योजना तैयार की गई थी, ताकि 25 सितंबर तक अधिक से अधिक लोगों वैक्सीनेट किया जा सके।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कुरुक्षेत्र में 6427 हेल्थ केयर वर्कर को प्रथम डोज, 5444 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसी तरह 5107 फ्रंट लाईन वर्कर को प्रथम डोज और 4298 को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग के 2 लाख 29 हजार 700 लोगों को प्रथम डोज और 37 हजार 630 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। बताया कि 45 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 10 हजार 601 लोगों प्रथम डोज और 51 हजार 149 को दूसरी डोज, 94 हजार 455 सीनियर सिटीजन को प्रथम डोज एवं 53 हजार 217 दूसरी डोज दी जा चुकी है।
जिले में 6 लाख 98 हजार 257 लाभार्थियों में से 4 लाख 34 हजार 756 को प्रथम डोज तथा 1 लाख 41 हजार 996 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। डीसी ने कहा कि कोरोना अभी गया नहीं है, इसलिए सभी को कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा।
सीएमओ डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर और उसके आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर अभी भी लोग मास्क नहीं लगा रहे है जो कि घातक साबित हो सकता है। इसलिए कुरुक्षेत्र को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए सभी को मास्क लगाना बेहद जरूरी है। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुपमा, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. सुदेश सहोता, डॉ. नीलम अरोड़ा, डॉ. ललित कल्सन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।