कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। कोरोना गाइडलाइन और ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से 1 दिसंबर से 24 दिसंबर तक कुल 2223 चालान किए गए। इसके तहत 9 लाख 89 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी किया गया। इन चालान में हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य तरह के चालान शामिल है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला ने सोमवार सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के लिए कुरुक्षेत्र जिले को विभिन्न जोन में विभाजित किया गया, जिसमें ईस्ट, वेस्ट और हाईवे शामिल है। इन जोनों में यातायात पुलिस की पीसीआर, राइडर व अन्य यातायात पुलिस दिन-रात कार्य कर रही है। एसपी ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा 2223 चालान किए गए हैं तथा एक ड्राइविंग लाइसेंस को भी सस्पेंड किया गया है। इनमें से यातायात पुलिस ने 713 चालान बिना मास्क वाले लोगों के किए हैं। इसी प्रकार ओवर स्पीड के 74 चालान, बिना हेलमेट के 992 चालान, बिना सीट बेल्ट के 60 चालान, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर नौ चालान व अन्य 1090 चालान किए गए हैं।