कुरुक्षेत्र। समलैंगिक युवक को जाल में फंसा कर एक आरोपी ने उससे सात लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने उसके साथ कुकर्म भी किया और उसके साथी ने उसकी अश्लील वीडियो बना लिया। शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने अश्लील वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायत पर साइबर सेल ने विजय सैनी उर्फ विजू निवासी लाडवा और नीरज निवासी रादौर (यमुनानगर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर सेल में दर्ज शिकायत में लाडवा के रहने वाले युवक के बताया कि वह समलैंगिक है। सितंबर 2022 में एक धार्मिक कार्यक्रम की रिहर्सल के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी विजय से हुई थी। आरोपी ने उसके साथ नजदीकियां बढ़ाकर उसे झूठे प्यार में फंसा लिया। पहले पहल आरोपी ने उससे मोबाइल लेने के बहाने 20 हजार रुपये लिए थे।
उसके बाद उसकी मांग बढ़ती चली गई। फिर उसने दिवाली पर पटाखों का स्टॉल लगाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये लिए और जल्द लौटाने का आश्वासन दिया। दो दिसंबर को आरोपी ने उससे दोबारा पांच लाख रुपये की मांग कीष उसके पास पैसे न होने के चलते आरोपी बहला फुसलाकर कर उसका सोना लेकर चला गया।
इस घटना के कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे लाडवा में अपनी दुकान पर मिलने के लिए बुलाया, वहां आरोपी ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ कुकर्म किया। इस दौरान नीरज ने उसकी अश्लील वीडियो बना लिया उसने आरोपी से अपने सात लाख रुपये मांगे तो उन्होंने उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने विजय और नीरज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।