किसी शातिर व्यक्ति ने गांव मदनपुर के एक व्यक्ति से उसके कार्ड की डिटेल जानकार उसके खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मदनपुर निवासी मंजीत सिंह ने कहा कि उसने अपने परिवार के किसी सदस्य का अल्ट्रासाउंड कराना था। इसके लिए उसने शाहाबाद के एक निजी अस्पताल में फोन किया, लेकिन किसी कारणवश अस्पताल का नंबर कॉल फॉरवर्डिंग पर लग गया। उसकी दूसरे नंबर पर बात होने लगी। इस दौरान आरोपी ने उसे बातों में उलझा लिया। उसने बताया कि डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए एक प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा और 10 रुपये लगेंगे। शिकायतकर्ता ने सोचा कि अस्पताल के संचालकों ने नई प्रक्रिया शुरू की होगी। उसने हां कर दी। शिकायतकर्ता ने कहा कि जब वह अल्ट्रासाउंड के लिए आएगा तब वह भुगतान कर देगा। ठग ने कहा कि वह डेबिट या क्रेडिट कार्ड से बुक हो पाएगा जिस पर उसने कार्ड की डिटेल दे दी। इसके बाद उसके कार्ड से कई ट्रांजेक्शन हुई और उसके खाते से 22 हजार रुपये निकल गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।