कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कुटा की चौधर के लिए मात्र दो प्रत्याशी चुनावी दंगल में उतरे हैं और उप प्रधान सहित अन्य तमाम पदों के लिए एक-एक प्रत्याशी ने ही अपना नामांकन भरा है। इस बार प्रधानी के लिए चुनावी दंगल में उतरे आईआईएचएस से डॉ. विवेक गौड़ निवर्तमान कार्यकारिणी में सचिव और विधि विभाग के प्रो. दलीप कुमार उप प्रधान रह चुके हैं।
पिछली कार्यकारिणी में कंधे से कंधा मिलाकर शिक्षकों के हितों में कार्य करने वाले दोनों ही प्रत्याशी अब चौधर के लिए एक दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे। कुटा चुनाव में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों एवं विभागों के 343 शिक्षक पदाधिकारियों के पांच पदों एवं कार्यकारिणी के 20 सदस्यों के लिए अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। बता दें कि पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार कुटा चुनाव में मुकाबला बड़ा दिलचस्प रहेगा, क्योंकि शिक्षा विभाग से डॉ. राजवीर सिंह को उप-प्रधान, सांख्यिकी विभाग से डॉ. जितेंद्र कुमार को सचिव, पर्यावरण संस्थान से डॉ. संदीप गुप्ता को सहसचिव और कंप्यूटर साइंस विभाग डॉ. चंद्रकांत को खजांची सर्वसम्मति से चुना गया है।
सोमवार को कुटा कार्यालय में कुटा पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के लिए सहायक चुनाव अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार की निगरानी में सभी प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन भरा है। सहायक चुनाव अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि 9 नवंबर को 4 बजे तक नामांकन पत्र वापस लेने का समय दिया गया है। उसी दिन शाम 5 बजे तक फाइनल उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की होगी। 8 से 15 नवंबर तक प्रत्याशी और उनके समर्थन चुनाव प्रचार करेंगे और 16 नवंबर को कुटा कार्यालय में सुबह 9 से दोपहर 2 तक मतदान होगा। दोपहर बाद 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और शाम तक चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा।
कार्यकारिणी सदस्य के लिए फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड लैंग्वेज से डॉ. कुलदीप सिंह, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन से डॉ. राजवीर सिंह, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से डॉ. सुनील ढीगड़ा, फैकल्टी ऑफ लॉ से डॉ. संत लाल ने नामांकन पत्र भरा है। इनके अलावा फैकल्टी ऑफ लाइफ सांइसेज से डॉ.दीप्ति ग्रोवर, डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. भावना दहिया ने, फैकल्टी ऑफ साइंस से डॉ. चंद्रकांत और डॉ. सुरेंद्र सिंह ने, फैकल्टी ऑफ इंस्टीट्यूट इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज से डॉ. जसविंदर कुमार और डॉ. अश्वनी मित्तल ने और फैकल्टी ऑफ महिला टीचर से डॉ. दीप्ति ग्रोवर और डॉ. भावना दहिया ने नामांकन पत्र भरे हैं। वहीं फैकल्टी ऑफ इंडिक स्टडीज, फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस और फैकल्टी ऑफ कॉमर्स मैनेजमेंट से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र नहीं भरा।
सोमवार को नामांकन भरने के बाद दोनों प्रत्याशियों ने चुनावी प्रचार-प्रसार करना शुरू कर दिया है। प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदान करने के लिए शिक्षकों से मुलाकात कर अपील कर रहे हैं। साथ ही शिक्षकों के हितों में तैयार किए एजेंडों बता रहे हैं, ताकि शिक्षक उनके पक्ष में मतदान करें। प्रत्याशी डॉ. विवेक गौड़ ने कहा कि नामांकन के बाद से ही चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। अपने हक में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।