हादसे में सिरसल निवासी कमल और सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चालक बिट्टू सहित कई श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गाड़ी चालक बिट्टू ने चंडीगढ़ पीजीआई जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं कोमल, वैभव और गुड्डी को भी चोटें आई हैं। कड़ी मशक्कत के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को क्रूजर गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, गांव सिरसल और चौचड़ा में भी दुखद समाचार मिलने के बाद मातम पसर गया। आसपास से बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। बताया गया कि क्रूजर चालक बिट्टू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। तीन साल पहले ही बिट्टू की शादी हुई थी। बिट्टू अपने पीछे 16 माह की बेटी, पत्नी, भाई राजीव, संजू और माता-पिता को छोड़ गया।
वहीं कमल ने अभी हाल ही में पढ़ाई पूरी की थी। दो भाइयों में कमल बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारी कमल के कंधों पर ही थी। जबकि सुमन अपने पीछे पति विजय शर्मा, आठ वर्षीय पुत्र नमन और छह वर्षीय पुत्री सुनेना को छोड़ गई। इनके अलावा शकुंतला, कुसुम, कमल, नीलम व रेखा को लहूलुहान हालत में कल्पना चावला अस्पताल करनाल और पंकज, ईशान व क्रूजर चालक बिट्टू को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्जकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव सिरसल निवासी पंकज अपने परिवार के साथ एक बच्चे के बाल उतरवाने के लिए त्रिलोकपुर जा रहा था। सभी घर से रात को 9 बजे खाना खाकर चले थे और लगभग 11 बजे के करीब शाहाबाद में सड़क हादसा हो गया।
रातभर घायलों की सेवा में लगी रही हेल्पर्स की टीम
हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाने में हेल्पर्स का विशेष योगदान रहा। हादसे की जानकारी मिलने पर तिलक राज अग्रवाल के नेतृत्व में पूर्ण सिंह, इंद्र लाल बत्तरा, सीता राम बत्तरा, नरेश सैनी, जयपाल सिंह, मास्टर नरेंद्र शर्मा के साथ तीन गाड़ियों में घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
इस दौरान सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल पहुंचाने के लिए 7 एंबुलेंस की निशुल्क व्यवस्था की गई। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें घर तक छोड़ने के लिए एंबुलेंस भी हेल्पर्स की ओर से भेजी गई।
शाहाबाद पुलिस थाना प्रभारी प्रेम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चौकी प्रभारी जयकिशन, सब इंस्पेक्टर शरणजीत सिंह सहित अन्य पुलिस बल ने घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।