इलाके के गांव ठसका मीरा जी में शुक्रवार को देर शाम स्वास्थ्य विभाग अंबाला और कुरुक्षेत्र की संयुक्त टीम ने छापामारी कर फर्जी अल्ट्रा साउंड करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
इस रैकेट में शामिल आधा दर्जन लोगों में से एक को टीम ने काबू कर लिया, जबकि पांच मौके से भाग निकले। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया। सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन ने बताया कि अंबाला स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. बीबी लाला को एक आशा वर्कर ने सूचना दी थी कि अंबाला जिले के सौंटी गांव की बहुत सी महिलाएं भ्रूण लिंग जांच करवा रही हैं।
यहां के आसपास के गांवों की महिलाओं को एक महिला सीमा कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद के पास एक गांव में ले जाती है। इस पर सिविल सर्जन अंबाला ने एक टीम का गठन किया। यह महिला इस कार्य के लिए 14-15 हजार रुपये राशि वसूल करती थी। सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने एक गर्भवती महिला को ग्राहक के रूप में सीमा नामक इस दलाल के पास भेजा।
उसने महिला को इस्माईलाबाद आने के लिए कहा। तय समय पर गर्भवती महिला एक कार से आशा वर्कर और अपनी एक रिश्तेदार महिला के साथ इस्माईलाबाद चल दीं। उनकी कार के पीछे स्वास्थ्य विभाग की टीम भी चल दी। इस टीम में डॉ.बीबी लाला, डॉ. पवन चौधरी और सादी वर्दी में दो सिपाही मौजूद थे। महिला दलाल ने ग्राहक को जनसुई हेड पर रुकने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर सीमा ने ग्राहक को इस्माईलाबाद में पट्रोल पंप के नजदीक महावीर जूस कॉर्नर पर पहुंचने के लिए कहा।
यहां से एक अन्य दलाल पंजाब के पटियाला गांव निवासी अहरू कलां निवासी हरनेक सिंह सीमा के पास पहुंचा। सीमा के कहने पर आशा कार्यकर्ता ने तय किए गए 14 हजार रुपये हरनेक सिंह दे दिए। इसके बाद हरनेक सिंह ने कुरुक्षेत्र के ही पिपली माजरा निवासी कुलदीप सिंह से मोबाइल पर बात की।
वह मौके पर आया और उसने भ्रूण जांच करवाने के लिए भेजी गई महिला और उसके रिश्तेदार को बाइक पर चलने के लिए कहा। वह दोनों को इस्माईलाबाद से लगभग तीन किलोमीटर दूर ठसका मीरांजी गांव में अपने रिश्तेदार सुक्खा सिंह के घर ले गया।
बिना मशीन के कर रहे थे जांच
जब विभाग की टीम ने गांव ठसका मीरां जी में छापा मारा, तो वहां पर बिना किसी मशीन के ही कंप्यूटर के माउस से अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हरनेक सिंह, मेवा सिंह और महावीर जूस कॉर्नर के मालिक को पकड़ लिया। यहां पर कुछ लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार को रोक कर हंगामा कर दिया।
उन्होंने जबरदस्ती कार का दरवाजा खोलकर सादा वर्दी में बैठे पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी। इस पर सभी थाना इस्माईलाबाद में पहुंचे और मामले की जानकारी भी दी।
पुलिस का रवैया रहा नकारात्मक
अंबाला के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. लाला ने बताया कि इस्माईलाबाद थाना पुलिस का रवैया सकारात्मक नहीं था। उन्होंने कहा कि न तो पुलिस कर्मियों ने सुनी और न ही थाना प्रभारी ने। बाद में उन्होंने इस बारे में उपायुक्त अंबाला को जानकारी दी। इस पर उन्होंने तुरंत डीसी कुरुक्षेत्र और एसपी कुरुक्षेत्र से संपर्क किया। अधिकारियों के दबाव के बाद थाना पुुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज किया।
गर्भवती महिला के पेट पर माउस फिराकर करते थे ड्रामा
सिविल सर्जन डॉ. नैन ने बताया कि आरोपी झूठे अल्ट्रासाउंड करने के नाम से लोगों के साथ ठगी का धंधा कर रहे थे। आरोपी के पास वास्तव में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं थी, बल्कि कंप्यूटर, माउस आदि से ही लोगों को लड़का या लड़की होने की झूठी जानकारी देकर पैसे ऐंठे करते थे।
वह कपड़े में रखकर गर्भवती महिला के पेट पर माउस फिराता था और उसे बिना किसी आधार के बता देता था कि लड़का होगा या लड़की। ये आरोपी कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। आरोपी कुलदीप सिंह अपनी बुआ के घर पर ही जांच करता था। उसने टाइम भी निर्धारित किया हुआ था। उसकी बुआ जब शाम के समय गुरुद्वारे जाती थी, तो वह गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करने का नाटक किया करता था।
आरोपी की पत्नी सहायक नर्स
जांच में पता चला कि एक आरोपी की पत्नी इस्माईलाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में सहायक नर्स है। इस मामले के तार उस महिला से भी जुडे़ हो सकते हैं। इसके अलावा ठसका मीरां जी और कस्बे में भी सिविल अस्पताल हैं। दोनों के डॉक्टरों की नाक के नीचे ऐसे कार्य हो रहे थे।
कुरुक्षेत्र के लिंग जांच नोडल अधिकारी डॉ. सतविंदर सिंह की शिकायत पर लिंग जांच करने के आरोप में सीमा निवासी सौंटी अंबाला, मेवा सिंह निवासी सौंटी अंबाला, कुलदीप सिंह पिपली माजरा, हरनेक सिंह निवासी अहरू कलां पंजाब, जसबीर सिंह समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी कुलदीप सिंह को कंप्यूटर, सात हजार रुपये की नगद राशि, एक बाइक और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच के लिए एसआई सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संदीप कुमार, एसएचओ, थाना इस्माईलाबाद, कुरुक्षेत्र।