हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पिहोवा में कार और ट्रैक्टर ट्राली के बीच टक्कर हो गई। हादसा पिहोवा-अंबाला रोड पर ड्रेन पुल के पास मंगलवार अल सुबह करीब 4:00 हुआ। कार की ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसी में ही फंस गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कड़ी मशक्कत कर शव को निकाला जा सका। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर कार चालक की पहचान भूना के रहने वाले जसबीर के रूप में हुई। पुलिस तत्काल ही उसे लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में लेकर गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी और वह भी अस्पताल में पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि जसबीर अपने रिश्तेदारी में पंजाब के लालड़ू गया हुआ था। रात को वह वापस अपने गांव लौट रहा था। पिहोवा के समीप ड्रेन पुल पर उसकी कर हादसे का शिकार हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।