कोरोना संक्रमित दो मरीजों ने शुक्रवार को महामारी को मात दी। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर दो रह गई है। इनमें से एक मरीज को अस्पताल में दाखिल किया गया है, जबकि दूसरे को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1385 सैंपलों की रिपोर्ट शुक्रवार को निगेटिव आई है। इनमें आरटी पीसीआर के 1340 व रैपिड एंटीजन के 45 सैंपल शामिल थे। अब तक जिले में कुल 22 हजार 161 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 21 हजार 802 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं, जबकि जिले में 357 कोरोना संक्रमित मरीज उपचार के दौरान दम तोड़ चुके हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 5 लाख 76 हजार 625 लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 601777 में से 576625 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिदिन शेड्यूल जारी करके लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। 18 दिसंबर को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 80 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।